संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मौसम में परिवर्तन से बीमारियां लोगों को चपेट में लेने लगी हैं। बच्चे, युवा, बुजुर्ग हर आयु वर्ग के लोग बीमार पड़ रहे हैं। मेडिकल काॅलेज का पीआईसीयू रविवार को फुल रहा। यहां 15 बेड पर 20 बच्चे भर्ती हैं।
मेडिकल काॅलेज में गंभीर रूप से बीमार बच्चों के लिए पीआईसीयू है। इसमें बच्चों को भर्ती कर गहन देखरेख में चिकित्सा की जाती है। रविवार को पीआईसीयू के 15 बेड पर 20 बच्चे भर्ती रहे। वहीं चिल्ड्रेन वार्ड को मिलाकर कुल 35 बेड पर 45 बच्चे भर्ती रहे।
धर्मपुर से आए 12 वर्षीय बच्चे को सांस लेने में दिक्कत होने पर परिजनों ने पीआईसीयू में भर्ती कराया है। उसकी हालात में सुधार होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है। महेन से आया 18 महीने का बच्चा कफ की समस्या से पीड़ित है। परिजनों ने बताया कि बच्चे को अचानक से तकलीफ हुई। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर दिखाया तो डॉक्टर ने मेडिकल काॅलेज में भेज दिया। उन्होंने बताया कि बच्चे को खून नहीं बनने की बीमारी है।
इस बीच मौसम के चलते बच्चा बीमार हो गया तो मेडिकल कालेज में ले आना पड़ा। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचके मिश्र ने बताया कि मौसम में परिवर्तन से बच्चे बीमार पड़ रहे हैं।