बच्चेदानी का आपरेशन करना था, काट दी किडनी की नली
देवरिया। बघौचघाट स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में डॉक्टर ने बच्चेदानी के ऑपरेशन के दौरान महिला के किडनी की नली ही काट दी। बाद में हालत बिगड़ने पर उसे गोरखपुर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, वहां महिला को अपने साथ हुए धोखेबाजी का पता चला। बुधवार को एसपी को शिकायती पत्र देकर अस्पताल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मईल थाना क्षेत्र के ग्राम तेलिया कला निवासी मुन्नी देवी पत्नी दुर्गेश साहनी ने बताया कि पेट में दर्द होने पर चचेरी बहन के कहने पर बघौचघाट स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में इसकी जांच कराई। वहां के चिकित्सक ने बताया कि बच्चेदानी में गांठ है। इसका ऑपरेशन करना पड़ेगा। 10 जून को वह अस्पताल में भर्ती हुई, 11 जूून को ऑपरेशन हुआ। होश में आने पर उसे झटका आने लगा और शरीर फूलने लगा। वहां के लोगों ने कहा कि एक दो दिन में आराम मिल जाएगा। कुछ दिनों बाद हालत गंभीर होने पर गोरखपुर के मोहद्दीपुर स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जांच के बाद वहां के चिकित्सकों ने बताया कि पूर्व में हुआ ऑपरेशन गलत तरीके से किया गया है। इससे किडनी की नली कट चुकी है। 15 अक्तूबर को यह बात जानकर उसके पति विदेश से वापस लौटे। बघौचघाट के अस्पताल में जब उसके पति जाकर पूछताछ किए तो पता चला कि यह अस्पताल बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा है। वहां के लोगों से इस बात को लेकर उनके पति से विवाद भी हुआ। मुन्नी देवी ने अस्पताल के एक डॉक्टर सहित तीन अन्य लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर इनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी डॉ.श्रीपति मिश्र ने बताया कि महिला की शिकायत की जांच कराई जाएगी।