दृष्टिबाधितों के लिए बूथों पर होगी अलग मतपत्र की व्यवस्था
देवरिया। देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव की सरगर्मी बढ़ गई है। प्रत्याशियों ने प्रचार तेज कर दिया है। वहीं शांतिपूर्ण माहौल में निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। विधानसभा क्षेत्र में चिह्नित 164 दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए अलग से मतपत्र की व्यवस्था रहेगी। देहरादून से ब्रेललिपि बैलेट शीट मंगाने के लिए कर्मचारी लगे हैं, जो हर बूथ पर पीठासीन अधिकारी के पास रहेगा।
विधानसभा क्षेत्र में कुल 164 दृष्टिबाधित मतदाता हैं। इन मतदाताओं को मतदान करने में दिक्कत न हो और वह अपनी पसंद का विधायक चुन सकें, इसके लिए प्रशासन ने तैयारी की है। दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए ब्रेललिपि बैलेट शीट मंगाने के लिए निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी जुटे हैं। यह मतपत्र 487 बूथ पर पीठासीन अधिकारी के पास रहेगा। देहरादून से कुल बूथ से 20 प्रतिशत अधिक मतपत्र मंगाने की कवायद शुरू हो गई है। इस मतपत्र को पोलिंग पार्टी रवाना होने के समय पीठासीन अधिकारी को उपलब्ध कराया जाएगा। देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव में 184 मतदान केंद्रों के 487 बूथों पर तीन नवंबर को वोट डाले जाएंगे। 3,36565 मतदाता चौदह प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
प्राथमिक विद्यालय भंडा पर बनेगा पिंक बूथ
देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव में प्राथमिक विद्यालय भंडा मतदान केंद्र पर पिंक बूथ बनेगा। इसके लिए तैयारी की जा रही है। यहां महिला कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। विधानसभा चुनाव में महिलाओं को जागरूक करने के लिए पिंक बूथ बनाया जाता है। इस बार उपचुनाव में प्राथमिक विद्यालय भंडा के बूथ संख्या 126 का चयन किया गया है।