देवरिया। सीडीओ राजेश कुमार सिंह ने बैतालपुर ब्लॉक के दो ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एरिया ऑफिसर एप के माध्यम से अवगत कराया गया। इसमें मानक व सूचना बोर्ड में खामियां मिलीं। इस पर उन्होंने तकनीकी सहायकों से स्पष्टीकरण मांगा है।
बृहस्पतिवार को सीडीओ टीम के साथ ग्राम पंचायत परसौना पहुंचे। दीना कुशवाहा के घर से रामू गुप्ता के खेत तक, रामबली के खेत से कोमल प्रसाद के खेत तक और दुर्गेश गुप्ता के खेत से हरिश्वर कुशवाहा के खेत तक बन रही सीसी सड़क का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत परसौना के तकनीकी सहायक ज्ञानेंद्र श्रीवास्तव अनुपस्थित पाए गए। जिसे गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी को अनुपस्थित तकनीकी सहायक से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने बगल के ग्राम पंचायत विष्णुपुरा-2 में पहुंचे। गुल्लू के घर से पप्पू चौबे के घर तक तथा रघुनाथ पांडेय के खेत से उमेश पांडेय के खेत तक बन रही आरसीसी सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कार्य स्थलों पर नागरिक सूचना बोर्ड (सीआईबी) नहीं पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार वसूली के आदेश जारी किए गए।
सीडीओ राजेश कुमार सिंह ने कहा कि मनरेगा के तहत कराए जा रहे कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। लापरवाही या मानक के विपरीत कार्य पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यस्थलों पर नागरिक सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।