चोरी की मोबाइल फोन और सामान के साथ एक गिरफ्तार
देवरिया। जीआरपी ने सदर रेलवे स्टेशन पर रविवार को शांति व्यवस्था और संदिग्ध वस्तु की रोकथाम के लिए चेकिंग की। इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर दो से एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी का एक मोबाइल फोन, सात सौ रूपये नगद और करीब दस हजार रूपये का कीमती सामान बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम अतुल उर्फ गोलू और पता कुशीनगर जनपद के हाटा कोतवाली क्षेत्र के पैकोली गांव बताया। जीआरपी ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। जीआरपी एसओ सुधाकर उपाध्याय ने बताया कि चोरी की मोबाइल फोन और सामान के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
मारपीट के मामले में आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर। क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर हुई मारपीट की घटनाओं में रविवार को पुलिस ने आठ लोगों पर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया।
मेदनापुर गांव के अभिषेक मिश्र ने पुलिस को तहरीर देकर खेत में बांस गाड़ने को लेकर हुए विवाद में पिटाई करने का आरोप लगाया। पुलिस ने गांव के योगेंद्र, अनिरुद्ध, मारकंडेय और अजीत पर केस दर्ज किया। दूसरी घटना में लुअठही गांव के मोतीलाल की तहरीर पर गांव के जगदीश, विभा, पार्वती और कोइली देवी पर मुकदमा पंजीकृत हुआ। पीड़िता ने पुरानी रंजिश में मारपीट का आरोप लगाया।