दुकान का ताला तोड़कर नकदी, सामान चोरी
बरहज/मदनपुर। स्थानीय गोला बाजार में शनिवार की देर रात चोर ने दरवाजे का ताला तोड़कर दुकान से नकदी सहित सामान चोरी कर ली। दुकानदार का कहना है कि मकान बनवाने के लिए एक बॉक्स में दो लाख 10 हजार रुपये रखे थे। चोर के बॉक्स उठाकर ले जाने की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना पर पहुंची मदनपुर पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
मदनपुर थाना क्षेत्र के गोला निवासी दुर्गा प्रसाद की मिठाई की दुकान है। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने कहा कि शनिवार की रात करीब दो बजे चोर फाटक का ताला तोड़कर दुकान में घुस गया। उसने बॉक्स में रखे दो लाख 10 हजार रुपये और अन्य सामान को चुरा लिया। रविवार की सुबह दुकान का फाटक खुला और टूटा ताला देख सभी दंग रह गए।
जानकारी होने पर दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए। रकम चोरी की जानकारी मिलने पर दुकानदार रोने लगे। थानाध्यक्ष मदनपुर बीबी राजभर ने बताया कि पुलिस मौके पर गई थी। मामले की जांच कराई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा।