एकौना। रुद्रपुर से नरायनपुर मार्ग पर स्थित डहरौली गांव के समीप एक अनियंत्रित कार झोपड़ी में घुस गई। हादसे में झोपड़ी में रहने वाले चार लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। घटना पर मौजूद लोगों के आक्रोश को देख पुलिस ने गाड़ी और उसमें सवार लोगों को थाने लेकर गई।
रविवार की दोपहर नारायनपुर रुद्रपुर मार्ग पर कार चालक पदम पति मिश्र पुत्र जय गोविंद मिश्र निवासी सखवनिया थाना कुबेर स्थान जिला कुशीनगर गोरखपुर जिले के बड़हलगंज से घर लौट रहे थे। डहरौली के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मेवालाल बांसफोड़ की झोपड़ी में घुस गई।
हादसे में मेवालाल बांसफोड़ पुत्र मोहित 55वर्ष, मेवालाल की पत्नी बियफी देवी 50 वर्ष, छोटेलाल बांसफोड़ 30 और मेवालाल की बहु प्रियंका देवी 28 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को ग्रामीण इलाज कराने को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जिसमें मेवालाल और उसकी पत्नी बियफी को गंभीर चोट लगी है। संवाद