रामपुर कारखाना। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के पहले दिन परीक्षा केंद्र के नाम को लेकर हुई भ्रम की स्थिति के कारण एक दर्जन से अधिक अभ्यर्थी गलत स्थान पर पहुंच गए। केंद्र का नाम ‘रामपुर’ होने से अभ्यर्थी रामपुर नरायनपुर के बजाय रामपुर कारखाना पहुंच गए। बाद में स्थानीय लोगों और एक शिक्षक की तत्परता से उन्हें सही परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया।
रविवार को आयोजित बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए जिले के विभिन्न विद्यालयों को केंद्र बनाया गया था। बिहार समेत अन्य जनपदों से आए कुछ अभ्यर्थियों का केंद्र स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज, रामपुर नरायनपुर (गौनरिया) में निर्धारित था। जिला मुख्यालय पर पहुंचने के बाद अभ्यर्थियों ने रामपुर स्थित केंद्र की जानकारी पूछी, जिस पर वाहन चालकों ने उन्हें रामपुर कारखाना की ओर भेज दिया।
रामपुर कारखाना पहुंचने के बाद जब अभ्यर्थियों ने स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज की तलाश शुरू की तो उन्हें पता चला कि यहां इस नाम का कोई विद्यालय नहीं है। इससे अभ्यर्थियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। वे चौराहे और आसपास के लोगों से केंद्र की जानकारी लेने लगे, लेकिन किसी को सही जानकारी नहीं थी।
इसी दौरान जनता इंटर कॉलेज के शिक्षक मजहर अली वहां पहुंचे। उन्होंने अभ्यर्थियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सही केंद्र की जानकारी जुटाई और बताया कि उनका परीक्षा केंद्र रामपुर गौनरिया क्षेत्र में स्थित है। इसके बाद स्थानीय दुकानदारों और अन्य लोगों ने सहयोग करते हुए तत्काल टेंपो की व्यवस्था कर अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के लिए रवाना कराया।
करीब 20 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करने के बावजूद अभ्यर्थी समय रहते केंद्र पहुंच गए और परीक्षा में शामिल हो सके। अभ्यर्थियों ने स्थानीय लोगों और शिक्षक के सहयोग की सराहना की।