देवरिया। जिले के तीन ब्लाकों में ग्राम पंचायत प्रधान के तीन पदों पर उप चुनाव को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए तैयारी की गई। सात मतदान केंद्रों के पंद्रह मतदान स्थलों पर बुधवार को सुबह सात बजे से मतदान होगा। इसमें 12,207 मतदाता दस प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मंगलवार को ब्लाक कार्यालय से पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं, जो निर्धारित मतदान केंद्राें पर शाम तक पहुंच गईं। जिले में तीन विकास खंडों में चार ग्राम प्रधान और एक बीडीसी की मृत्यु के बाद पद खाली हैं।
पथरदेवा ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत मेंदीपट्टी के प्रधान गिरजा लाल श्रीवास्तव, बनकटा ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत सोहनपुर की प्रधान चंद्रदेई देवी व प्रतापपुर छपरा के प्रधान अजीत सिंह व रामपुर कारखाना ब्लाक क्षेत्र के सहबाजपुर की प्रधान गायत्री देवी तथा गोविंदपुर क्षेत्र के बीडीसी सरवन की आकस्मिक मौत हो गई थी।