मदनपुर में पहुंची स्वास्थ्य टीम।
- फोटो : amar ujala
रुद्रपुर। उल्टी-दस्त की बीमारी जानलेवा हो गई है। मदनपुर के बनकट टोले में चार दिनों के अंदर डायरिया से भाई-बहन की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। रविवार को दूसरी मौत के बाद परिजन शव लेकर मदनपुर थाने पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर गांव भेजा। कुछ ही देर बाद स्वास्थ्य महकमे की टीम भी गांव में पहुंच गई। गंभीर रूप से बीमार तीन महिलाओं को रुद्रपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। गांव में दो दर्जन से अधिक लोग बीमारी से ग्रसित हैं। मेडिकल टीम ने गांव में ही कैंप कर लोगों को दवाएं दीं। सीएमओ ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बनकट टोले में पिछले एक सप्ताह से डायरिया का असर है। सही दवा-उपचार न मिलने से बीमारी ने उग्र रूप धारण कर लिया। यहां ईंट भट्ठा मजदूर राजन राजभर के पुत्र अजीत (10) की 12 सितंबर की सुबह डायरिया के कारण मौत हो गई थी। रविवार की सुबह बेटी ज्योति (7) की भी मौत हो गई। इससे सहमे लोग शव लेकर मदनपुर थाने पहुंच गए। उनमें स्वास्थ्य विभाग के प्रति गुस्सा था। लोगों का कहना था कि सूचना देने के बाद भी गांव में स्वास्थ्य टीम नहीं पहुंची है। गुस्से को भांपते हुए एसओ ने ग्रामीणों को वापस गांव भेजा और सूचना उच्चाधिकारियों को दी। डीएम अमित किशोर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची। वहां गंभीर रूप से बीमार फूलमती देवी (55), नंदिनी (30) और आरती (30) को एंबुलेंस से रुद्रपुर सीएचसी पहुंचाया गया। उनके अलावा गांव के सत्यनारायण, अंशिका, सपना, छोटे, गायत्री, सूरज, सिद्धांत, आंचल, मोहन, बलराम सहित करीब दो दर्जन से अधिक लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित हैं। सभी को स्वास्थ्य टीम ने दवाएं दीं। टीम ने लोगों को साफ-सफाई पर ध्यान देने व खान-पान में सावधानी बरतने की भी हिदायत दी है। दोपहर बाद सीएमओ डॉ. धीरेंद्र चौधरी भी गांव पहुंचे और पूरी स्थिति से डीएम को अवगत कराया। सीएमओ ने बताया कि गांव में स्वास्थ्य टीम और एंबुलेंस लगा दी गई है। गंभीर रूप से बीमार लोगों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। गांव की निगरानी की जा रही है। फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में है। गांव में पीने के पानी और सफाई का इंतजाम कर दिया गया है।
मस्जिद से हुआ एलान, बरतें साफ-सफाई
भाई-बहन की मौत और दो दर्जन से अधिक लोगों के डायरिया से ग्रसित होने के बाद गांव में हड़कंप मच गया है। बीमारी के प्रसार की आशंका से हर कोई सहमा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर आनन-फानन जहां सफाई शुरू कर दी गई है, वहीं, ग्राम प्रधान इमरान ने गांव की मस्जिद से एलान कराया कि अपने घरों के आसपास साफ-सफाई रखें। पानी उबालकर पीएं।