मृतक ट्रक ड्राइवर की फाइल फोटो और सूचना पर पहुंची पत्नी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू थाना क्षेत्र में डीसीएम से करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद होने के बाद पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए चालक की शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर पुलिस उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ब्रजपाल उर्फ विक्की, उम्र 38 वर्ष, निवासी सोनडाला फरीदपुर, थाना अमरोहा देहात, जिला अमरोहा के रूप में हुई।
गांजा बरामदगी के बाद शुक्रवार से पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी। मौत की सूचना पर परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। शुक्रवार को देवरिया की तरफ से एक डीसीएम खुखुंदू चौराहे पर पहुंची थी। पुलिस को देखकर चालक वाहन को नूनखार मार्ग की तरफ तेज रफ्तार में लेकर भागने लगा।
संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया। खुखुंदू थाने से करीब 500 मीटर आगे बैरीकेडिंग कर डीसीएम को रोक लिया गया। पुलिस के अनुसार, वाहन रुकते ही चालक समेत उसमें मौजूद लोग भागने लगे। पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया। डीसीएम की तलाशी में अंदर छिपाकर रखा करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद हुआ।
चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। शनिवार सुबह करीब नौ बजे उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस उसे मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस की जानकारी के अनुसार, डीसीएम लेकर ब्रजपाल असम के बरपेटा जिले से आया था।
वहां डीसीएम में ब्रान लोड किया गया था, जिसके लिए करीब 28 हजार रुपये दिए जाने की जानकारी मिली है। आशंका जताई जा रही है कि ब्रान की आड़ में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। चालक की मौत की सूचना मिलते ही सीओ सदर और एएसपी उत्तरी आनंद कुमार पांडेय मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
पुलिस गांजा बरामदगी के साथ ही हिरासत में हुई मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक के परिजन भी मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे। मृतक के पड़ोस में रहने वाले चाचा, जो खुद ट्रक चालक हैं, ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और मामले की जांच की मांग की। पुलिस के मुताबिक, चालक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगा।