अस्थमा, सांस पीड़ितों की परेशानी बढ़ी, एलर्जी के मरीजों को हो रही दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। तापमान बढ़ने से लोग बेहाल हैं। गर्मी और लू से सांस के रोगियों की दिक्कत बढ़ रही है। गर्म हवा के नाक से अंदर जाने के कारण सांस के मरीजों को दिक्कत हो रही है। सांस फूलने की समस्या को लेकर लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज में करीब 100 से अधिक मरीज आ रहे हैं। इसमें आधे से अधिक अस्थमा, सांस के मरीज होते हैं, जबकि 20 प्रतिशत एलर्जी के भी रहते हैं। डॉक्टर दवा देने के साथ सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। पारा 42 डिग्री पार हो जा रहा है। मई और जून की बात तो दूर अप्रैल माह में ही तेज धूप और लू चलने से लोग परेशान हैं। इसमें थोड़ी लापरवाही भारी पड़ रही है। गर्मी और गर्म हवा नाक के रास्ते जाने से सांस, अस्थमा के पीड़ितों की दिक्कत बढ़ रही है। वहीं, हवा के साथ धूल उड़ने से लोग एलर्जी से भी पीड़ित हो जा रहे हैं। इस तरह के मरीजों की संख्या हर रोज बढ़ रही है। सांस से पीड़ित को लेकर तीमारदार पहुंच रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज में भीड़ होने के कारण मरीजों को कतार में खड़े होकर बारी की प्रतीक्षा करने में परेशानी हो रही है। डॉ. अनुराग शुक्ला, डॉ. ज्योति सिंह ने शनिवार को करीब 110 से अधिक मरीजों का इलाज किया। इसमें करीब 95 मरीज सांस व अस्थमा से पीड़ित मरीज रहे। इसमें 20 एलर्जी के रहे। जबकि बुधवार को 50, बृहस्पतिवार को 65, शुक्रवार को 82 सांस, एलर्जी के मरीज इलाज कराने पहुंचे थे।
उधर, निजी चेस्ट विशेषज्ञ व फिजिशियन के यहां भी मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
कोट
तापमान बढ़ने और गर्मी से सांस की परेशानी बढ़ रही है। लू के कारण गर्म हवा नाक के रास्ते अंदर जाती है। इससे सांस की नली में सूजन और सिकुड़न हो जाती है। इससे पुराने मरीजों की दिक्कत बढ़ जाती है। क्योंकि अस्थमा और सांस के मरीजों में पहले से सूजन रहता है। इन दिनों अस्थमा, क्रोनिक आफ्सेप्ट्री डिजीज (सीओपीडी) के मरीज आ रहे हैं। वहीं, गर्म हवा के साथ धूल के कण अंदर जाने से एलर्जी की लोगों को समस्या हो रही है। आंख, नाक से पानी आने, छींक, कान व आंख में खुजली, सांस फूलने से पीड़ित लोग भी आ रहे हैं। परेशानी होने पर विशेषज्ञ डॉक्टर से संपर्क कर इलाज कराना चाहिए।
-डॉ. अनुराग शुक्ला, चेस्ट, सांस व टीबी विभाग के अध्यक्ष, मेडिकल काॅलेज
गर्मी में बरतें सावधानी
धूप में निकलने से परहेज करें
हल्का ढीला सूती कपड़ा पहनें
जरूरी हो तो घर से निकलें पर सिर, नाक ढक कर रखें
साफ-सफाई पर ध्यान दें, अच्छी तरह हाथ धोकर भोजन करें
पानी अधिक पीएं
अस्थमा, सांस से पीड़ित लोग घर में रहें, नियमित दवा व इन्हेलर लें, मास्क लगाएं
तला, ज्यादा तेल, मसालेदार, घी का सेवन कम करें
अस्थमा, सांस के मरीज अचार, चटनी, पापड़, चिकन के सेवन से परहेज करें, चाय, काफी कम पीएं
सुबह धूप निकलने से पहले टहलें, प्राणायाम करें