आभूषण व्यवसायी की बाइक की डिकी तोड़कर चार लाख के जेवर उड़ाए
देवरिया। नगर पालिका रोड से मंगलवार की शाम को एक आभूषण व्यवसायी की बाइक की डिकी तोड़कर उच्चकों ने चार लाख रूपये के जेवर उड़ा दिए। व्यवसायीई ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
सदर कोतवाली के आदर्श नगर मोहल्ला निवासी टिंकू वर्मा की महुआनी चौराहे के पास आभूषण की दुकान है। रात में करीब आठ बजे दुकान बंद कर बाइक की डिकी में चार लाख रूपये का जेवर रखकर वह नगर पालिका रोड स्थित एसबीआई के एटीएम के पास पहुंचे। बाइक खड़ी कर एटीएम से रुपया निकालने के लिए अंदर गए।
रुपये निकालकर वापस लौटे तो देखा की बाइक की डिकी टूटी हुई है और उसमें रखा जेवर गायब है। यह देखकर उनके होश उड़ गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एटीएम के पास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालना शुरू किया तो उसमें बाइक सवार उचक्के डिकी तोड़ते नजर आए। कोतवाल अनुज कुमार सिंह ने कहा कि घटना की तहरीर मिली है मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।