देवरिया। राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए मंगलवार को दीवानी न्यायालय स्थित केंद्रीय सभागार प्री-ट्रायल बैठक हुई।
इसमें 13 दिसंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों को शामिल करने का निर्देश दिया गया।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि सभी विभाग चिह्नित किए हुए मामले को संदर्भित करें और अधिक से अधिक संख्या में मामलों को लोक अदालत के दिन लगाकर निस्तारण कराएं।
उन्होंने सभी अधिकारियों से लोक अदालत की सफलता के लिए प्रचार-प्रसार व्यापक स्तर पर करने और लोगों के बीच जन जागरूकता के लिए विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन करने को कहा।
इस दौरान समस्त विभाग के अधिकारियों को नोडल अधिकारी/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुमार गौरव के द्वारा लोक अदालत की सफलता हेतु एक साथ आगे आने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 13 दिसंबर 2025 को आयोजित किया जाना है।
जिसमें व्यापक स्तर पर बैंक, बीमा, राजस्व, विद्युत, जल, सर्विस में वेतन एवं भत्ते, सिविल, श्रम, अन्य लघु अपराधिक मामले तथा प्री-लिटिगेशन वादों का निस्तारण किया जाना है। बैठक में मुख्य रूप से विद्युत विभाग, बीएसएनएल, जिला परिवीक्षा अधिकारी, एआरटीओ, सहायक स्टांप आयुक्त, बाट माप, दिव्यांग विभाग, स्वास्थ्य विभाग आदि विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।