रामपुर बुजुर्ग। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के सिकटिया बाजार स्थित शिव मंदिर में बृहस्पतिवार की सुबह करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मंदिर की सफाई करने पहुंची महिलाओं ने उसे मृत अवस्था में देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक कुछ दिनों से बाजार में घूमता रहता था और रात में मंदिर परिसर में सोता था। सुबह शव मिलने की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सीओ मनोज कुमार ने बताया कि युवक के मंदबुद्धि होने की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। संवाद