रामपुर कारखाना। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को चुनाव कार्य से संबंधित सामग्री से युक्त बैग सौंपे गए।
विकास खंड रामपुर कारखाना क्षेत्र में 60 ग्राम पंचायतें हैं। 75 बूथ बनाए गए हैं। 75 बीएलओ की तैनाती की गई है। कार्यक्रम में एडीओ पंचायत चंद्रभूषण मणि त्रिपाठी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक बीएलओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी अधिकारी अपने दायित्व का निर्वहन ईमानदारी और सतर्कता से करें।
खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार भारती ने कहा कि बीएलओ अपने-अपने बूथ क्षेत्र में जाकर डोर-टू-डोर सर्वे करेंगे। इस दौरान मृत मतदाताओं के नाम सूची से काटे जाएंगे और नए पात्र मतदाताओं को जोड़ा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बीएलओ को दिए गए बैग में निर्वाचन आयोग की ओर से जारी पुस्तिका, दिशा-निर्देश पुस्तिका, मतदाता सूची, पेंसिल, रबर, स्केल, कार्बन, इंक, पहचान पत्र फीता आदि सामग्री उपलब्ध कराई गई है। अधिकारियों का कहना था कि इन तैयारियों का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराना है। संवाद