देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर जांच करते पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी, फोटो संवाद
देवरिया। दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार की देर शाम कार में हुए धमाके के बाद जिले भर में अलर्ट जारी हो गया। पुलिस और प्रशासन ने सघन जांच किया। रेलवे और बस स्टेशन पर खासतौर से जांच की गई।
धमाके के बाद ऊपर से आए अलर्ट मैसेज के बाद पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। एसपी संजीव सुमन के निर्देश पर पुलिस ने जिले भर में सघन चेकिंग की। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय, एडीएम और सीओ सदर संजय रेड्डी ने शहर के प्रमुख चौक चौराहों और भीड़ भाड़ वाले स्थानों का दौरा किया।
तीनों अधिकारी सदर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग में खड़ी गाड़ियों की जांच की। इसके बाद रेलवे स्टेशन के पार्सल, प्लेटफार्म नंबर एक पर भ्रमण कर जायजा लिया।
इसके अलावा भटनी, सलेमपुर, लार रोड, भाटपाररानी, बनकटा, गौरीबाजार, बैतालपुर रेलवे स्टेशनोंं पर भी जीआरपी और आरपीएफ जवानों ने बारीकी से जायजा लिया। साथ ही जिले के प्रमुख कस्बों और बार्डर इलाकों पर सघन जांच की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि दिल्ली में धमाका के बाद पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है। लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। पुलिस पूरी तरह नजर बनाए हुए है।