भटनी। छोटी गंडक नदी के किनारे अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। अगर अवैध खनन नहीं रुका तो आसपास के गांवों पर अगले साल बाढ़ का खतरा मंडराने लगेगा।
सोमवार को डीएम से शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार और बाढ़ खंड विभाग अधिकारियों ने खनन को मानक के विपरीत बताते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दादर टोला गांव के सामने पोकलेन मशीन से मिट्टी काटकर मिनी ट्रकों के जरिए उसे तमकुहीराज–मझौलीराज के बीच बन रही हाईवे निर्माण में डाला जा रहा है। नदी के बेहद करीब हो रहे इस अवैध खनन से तट कमजोर हो रहा है। भटनी नगर से सटे उत्तर दिशा में छोटी गंडक नदी बहती है। नदी से सटे गांव जिगिना दीक्षित के दादर टोला के सामने पिछले कुछ दिनों से अवैध मिट्टी खनन का कार्य चल रहा था।
जानकारी पर रविवार की शाम युवकों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने के साथ ही इसकी शिकायत एसडीएम सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव से कर दी।
एसडीएम ने मौके पर पुलिस को भेजा तो खनन करने वाले मौके से फरार हो गए। सोमवार को डीएम दिव्या मित्तल तक मामला पहुंचने पर उन्होंने इसकी जांच के आदेश दिए।