खड़ी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट से बाइक सवार की मौत
सलेमपुर। सलेमपुर-मझौली-मैरवां मार्ग पर शनिवार रात मझौलीराज में खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में बाइक सवार आ गया। उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बनकटा थाना क्षेत्र के सिकटियां बाजार गांव निवासी श्रीराम चौहान का पुत्र कन्हैया चौहान (28) शनिवार को किसी काम से सलेमपुर आया था। रात करीब 10 बजे बाइक से घर लौट रहा था। मझौलीराज के भगड़ा भवानी मंदिर से आगे पहुंचा था कि उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गई। बाइक सवार युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इस बाबत कोतवाल नवीन कुमार मिश्र ने बताया कि युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।