संवाद न्यूज एजेंसी
रामलक्षन। स्थानीय कस्बे से देवरिया मार्ग स्थित भृगुसरी गांव के तेलियान टोला में रविवार सुबह एक मासूम की मौत हो गई। पांच वर्षीय मासूम घर के सामने खेल रहा था। इस दौरान एक बाइक सवार ने रौंद दिया और मासूम को कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गया।
मेडिकल कॉलेज गोरखपुर इलाज के लिए ले जाते समय मासूम की मौत हो गई। इस बीच मौका देखकर चालक बाइक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। भृगुसरी गांव के तेलियान टोला निवासी दीपक गुप्ता का पांच वर्षीय पुत्र दिव्यांश अपने घर के सामने दरवाजे पर खेल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक चालक ने उसे रौंद दिया ओर घसीटते हुए कुछ आगे तक लेकर चला गया।
इस घटना में दिव्यांश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सुबह आठ बजे के आसपास हुई। रामलक्षन की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला।
परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से गंभीर रूप से घायल दिव्यांश को देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में ही दिव्यांश ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। मां पूजा देवी और दादी कुसुम देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बार-बार बेहोश हो रहीं दोनों महिलाओं को गांववालों ने संभालने की कोशिश की।
इधर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल बाइक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दिव्यांश के पिता दीपक गुप्ता और दादा जगजीवन गुप्ता दोनों दुबई में काम करते हैं। हादसे के समय घर में दिव्यांश की मां, दादी और एक वर्ष की बहन दिव्यांशी ही मौजूद थीं।
दिव्यांश के चाचा सुनील गुप्ता दिल्ली में रहते हैं। इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। हर कोई मासूम की असामयिक मौत से स्तब्ध है।