गौरी बाजार। गौरी बाजार-हाटा मार्ग पर शुक्रवार को बखरा चौराहा स्थित इंटरमीडिएट कॉलेज के सामने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार छात्र को टक्कर मार दी। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बखरा गांव के टोला पलिया निवासी आर्यन निषाद (17 वर्ष) पुत्र अमन कुमार चोरखरी स्थित नेशनल इंटर कॉलेज का छात्र था। शुक्रवार सुबह को वह घर से वकीलगंज चौराहा स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डलवाने गया था। पेट्रोल डलवाने के बाद वह बाइक से गौरीबाजार में अपने पिता की दुकान खोलने जा रहा था। उसके पिता की एल्युमिनियम अलमारी की एक छोटी दुकान है। अभी वह बखरा चौराहा स्थित इंटरमीडिएट कॉलेज के सामने पहुंचा था कि गौरी बाजार की तरफ से तेज रफ्तार आ रही स्कॉर्पियो से आमने-सामने की टक्कर हो गई। इससे आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और स्कॉर्पियो चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी हरिराम यादव ने बताया कि चालक हिरासत में है। पुलिस जांच में जुटी है।
यूपी बोर्ड की परीक्षा दे रहा था आर्यन
गौरी बाजार। मार्ग दुर्घटना में छात्र की हुई दर्दनाक मौत से पूरा परिवार सदमे में है। द्वितीय पाली में बाइक से परीक्षा केंद्र पर जाने के लिए छात्र घर से पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने गया था। मृतक आर्यन चोरखरी स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट का छात्र था। उसका सेंटर घर से दूर रामपुर गौनरिया गया था। दूसरी पाली में उसकी अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी। वह दो भाइयों में बड़ा था। दूसरा भाई आरव कक्षा दो का छात्र है। मां बिंदू देवी बेटे के मौत की खबर सुनते ही बेहोश हो गईं। पूरा परिवार गम में डूब गया है।
काश आर्यन ने हेलमेट पहना होता तो बच सकती थी उसकी जान
आर्यन मेधावी छात्र था। वह इंटर परीक्षा की जी जान से तैयारी कर रहा था, ताकि अच्छे अंक प्राप्त कर सके। शायद नियति को यह मंजूर नहीं था। आर्यन शुक्रवार की सुबह बखरा चौराहे पर बाइक में पेट्रोल डलवाने के बाद पिता की दुकान खोलने गौरीबाजार आ रहा था। इसी बीच स्कॉर्पियो की टक्कर से गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वह हेलमेट नहीं पहने था। जिससे सिर में गंभीर चोट लगने से थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। काश उसने हेलमेट पहना होता तो उसकी जान बच सकती थी।
मृतक आर्यनका फाइल फोटो- फोटो : 1