खुखुंदू। थाना क्षेत्र के रार बड़ी गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद बाइक पेड़ से जा टकराई। बाइक पर सवार 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार शाम को शव घर लाने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। खुखुंदू क्षेत्र के पिपरा खेमकरण गांव निवासी सुमित यादव पुत्र सुरेश यादव बुधवार की शाम को अपने दो दोस्तों के साथ बीरपुर मिश्र चौराहे पर गया था।
बताया जा रहा है कि उस समय वह दोस्तों के साथ घर चला आया और फिर दोबारा बाइक से अकेले निकला। देर रात तक जब सुमित घर नहीं लौटा तो परिजन ने उसकी खोजबीन शुरू की।
इसी बीच रार बड़ी गांव के पास सड़क किनारे पेड़ से टकराई उसकी बाइक दिखाई पड़ी। सुमित खून से लथपथ सड़क के किनारे पड़ा मिला। पुलिस और परिजन काे आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद बाइक पेड़ से टकराई होगी, जिसके चलते सुमित की मौत हुई है।
हादसे के बाद मां मनभावती देवी, बाबा शिवनाथ यादव, दादी सरस्वती देवी, भाई अमित यादव, मयंक यादव का रो-रोकर बुरा हाल था। सऊदी अरब में रह रहे पिता सुरेश यादव को बृहस्पतिवार दिनभर बेटे की मौत से अनजान रखा गया। पोस्टमार्टम के बाद जब शव दरवाजे पर पहुंचा तो मां मनभावती देवी बेटे के शव से लिपटकर दहाड़े मारकर रोने लगी।
इंस्पेक्टर बीबी राजभर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। सीओ सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तलाश की जाएगी।