देवरिया। भटनी-औड़ियार रेलखंड के अंतिम सेक्शन लार रोड-बेल्थरा रोड के बीच दोहरीकरण का कार्य भी इस साल सितंबर तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद गोरखपुर से वाराणसी होते हुए प्रयागराज तक पूरा लाइन डबल हो जाएगी। इससे वाराणसी, प्रयागराज, इंदौर और मुंबई की तरफ जाने वाली ट्रेनों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इससे न सिर्फ ट्रेनों की औसत स्पीड बढ़ेगी, बल्कि जरूरत के अनुसार नई ट्रेनों का संचालन भी हो सकेगा।
भटनी जंक्शन से औड़ियार जंक्शन तक रेल लाइन सिंगल थी। वर्ष 2024 में इसे डबल बनाने के लिए करीब 2500 करोड़ की परियोजना को मंजूरी मिली थी। इसके बाद उसी साल अलग-अलग सेक्शन में काम शुरू हुए थे। पिछले महीने देवरिया जिले में सलेमपुर से लार रोड के बीच दोहरीकरण के कार्य को पूरा करने के बाद इसका ट्रॉयल किया गया। इससे पहले भटनी-पिवकोल और पिवकोल से सलेमपुर तक दोहरीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। अब इस सेक्शन में लार रोड से बलिया जिले के बेल्थरा रोड के बीच दोहरीकरण कार्य अवशेष है। इसमें सबसे बड़ी बाधा सरयू नदी के तुर्तीपार घाट का रेलवे ब्रिज था। नया रेल ब्रिज लगभग तैयार है। इस पर दोनों तरफ डिवाइडर के लिए गर्डर लगाने के बाद अब पटरी बिछाने का काम चल रहा है। पुल का काम जुलाई तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद पुल के दोनों तरफ लार रोड व बेल्थरा रोड तक लाइन बिछेगी। साथ ही विद्युतिकरण का कार्य पूरा हो जाएगा। परियोजना से जुड़े अफसरों का कहना है कि 15 अगस्त के बाद कभी भी इंटरलाकिंग के साथ ही इसका ट्रॉयल कराया जा सकता है। पूरी कोशिश है कि सितंबर तक ट्रैक पूरा हो जाए।
-
माघ मेला से पहले पूरा हुआ था वाराणसी-प्रयागराज के बीच डललिंग
वाराणसी से प्रयागराज तक दोहरीकरण का कार्य पिछले साल माघ मेला से पहले ही पूरा कराया गया था। अब भटनी से औड़ियार के बीच का कार्य भी अंतिम चरण में है। भटनी जंक्शन गोरखपुर-छपरा मुख्य रेल मार्ग पर है जो पहले से ही डबल लेन है। ऐसे में अक्तूबर से गोरखपुर से वाराणसी होते हुए प्रयागराज तक पूरा लाइन डबल हो जाएगी।
डबलिंग के बाद ऑटो ब्लॉक
गोरखपुर-वाराणसी रूट पर डबलिंग व विद्युतिकरण के बाद ऑटो ब्लॉक सिग्नल सिस्टम भी लगाया जाएगा। अभी लखनऊ से गोरखपुर होते हुए छपरा रूट पर यह सिस्टम लग रहा है। इसके बाद भटनी से वाराणसी के बीच सिग्नल लगाए जाएंगे। ऑटो ब्लॉक सिग्नल सिस्टम लग जाने के बाद इस रूट पर भी ट्रेनों को दो स्टेशन के बीच भी आगे-पीछे चलाने की सुविधा मिल जाएगी।
कोट
भटनी-औड़ियार खंड के दोहरीकरण कार्य में अब केवल तुर्तिपार का पुल और लार रोड से बेल्थरा रोड के बीच दोहरीकरण का कार्य ही अवशेष बचा है। इसे भी तेजी से पूरा कराया जा रहा है। पूरी कोशिश है कि दशहरा से पहले इस रूट पर डबलिंग का कार्य पूरा हो जाए, जिससे कि श्रद्धालुओं को वाराणसी और प्रयागराज आने-जाने में सहूलियत हो।
अशोक कुमार, जनसंपर्क अधिकारी, वाराणसी मंडल