बरहज। नगर की प्रमुख सड़कों पर अतिक्रमण से फुटपाथ गायब हो गए हैं। सड़क भी संकरी हो गई है। प्रमुख सड़कों पर अक्सर जाम लग जाता है। जाम के कारण सड़क पर पैदल चलना मुश्किल हो जाता है।
जिले के सबसे पुराने कस्बे बरहज में मंडी समिति की तरफ से बाजार लगाने की कोई व्यवस्था नहीं है। छोटे दुकानदार पटरी पर कारोबार करते हैं। बड़ी दुकानों के मालिकों ने भी अपनी दुकान के आगे अतिक्रमण कर लिया है।
मुख्य चौक से अटल तिराहा, ब्लॉक, थाना और नगर पालिका मार्ग संकरा हो गया है। इन सड़कों से पटरी गायब हो गई है। यातायात और सुरक्षा इंतजाम को लेकर मुख्य चौक पर पुलिस पिकेट बनाया गया है। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई जाती है। फिर भी जाम लगता रहता है।
थाना मार्ग पर असपताल होने के कारण एंबुलेंस को भी रास्ता नहीं मिलता। सुबह-शाम को अक्सर गाड़ियां सड़क पर खड़ी रहती हैं। एसडीएम हरिशंकर लाल ने बताया कि जल्द ही इस समस्या के समाधान के लिए उपाय खोजा जाएगा।