भटनी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा करते यात्री। संवाद
भटनी। बिहार के मैरवा रेलवे स्टेशन पर क्राॅसिंग बदलने और वाराणसी रेल खंड पर मऊ-दुल्लहपुर के बीच डबल लाइन निर्माण के चलते सोमवार को पांच ट्रेनें निरस्त रही। साथ ही सीतामढ़ी से आनंद विहार जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस डाइवर्ट रही। इसके चलते स्थानीय रेलवे स्टेशन पर यात्री परेशान रहे।
गोरखपुर-सिवान रेलखंड के मैरवा रेलवे स्टेशन पर प्वाइंट व क्राॅसिंग बदलने व वाराणसी रेल खंड के मऊ-दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन के बीच डबल लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। दोनों जगहों पर कार्य के चलते रूट की चार ट्रेनें लगातार निरस्त चल रही है। इसी क्रम में सोमवार को हावड़ा से काठगोदाम जाने वाली बाघ एक्सप्रेस, छपरा कचहरी-मऊ पैसेंजर, वाराणसी सिटी-गोरखपुर केंट इंटर सिटी एक्सप्रेस, मुंबई दादर-गोरखपुर स्पेशल एक्सप्रेस, पूर्णिया कैंट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस, मुंबई-आजमगढ़ विशेष गाड़ी निरस्त रही।
वहीं सीतामढ़ी-आनंद विहार लिच्छवी एक्सप्रेस छपरा-वाराणसी के बीच डायवर्ट किया गया। इसके चलते भटनी जंक्शन पर यात्री पूरे दिन परेशान रहे। प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहे वाले यात्री आशीष कुमार गुप्त, विशाल जायसवाल, त्रिभुवन साहनी, जयप्रकाश यादव आदि ने बताया कि इन दिनों ट्रेनों के निरस्तीकरण और डायवर्ट से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन अधीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि सिवान और वाराणसी रूट पर मरम्मत कार्य चलने के कारण ट्रेनों का निरस्तीकरण और डायवर्जन किया गया है।