गौरीबाजार। क्षेत्र के छेरिहां गांव में बृहस्पतिवार की शाम समूह के बकाए किश्त की वसूली करने गए एक फाइनेंस कंपनी के फील्ड अफसर को पिता और उनके दो पुत्रों ने मारपीट कर घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, भारत फाइनेंस लिमिटेड के फील्ड अफसर नवीन कुमार मद्धेशिया छेरिहां गांव में समूह का बकाया रुपये वसूलने गए थे। इस दौरान गांव के बलवंत पटेल तथा उनके बेटे बबलू पटेल और सचिन पटेल से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर तीनों ने मिलकर फील्ड अफसर पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मारपीट में फील्ड अफसर का एक हाथ टूट गया। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी गौरीबाजार ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक नंदा प्रसाद ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर बलवंत पटेल और उनके दोनों पुत्रों पर मारपीट व जान से मारने की धमकी सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद