लार। ब्लाॅक के रावतपार रघेन गांव में आवासीय आश्रम पद्धति से विद्यालय निर्माण के लिए भूमि की तलाश तेज हो गई है। राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने पत्र भेज भूमि उपलब्ध कराने को कहा है। जिसके बाद से राजस्व विभाग के अधिकारी गांव में भूमि चिन्हित करने में जुट गए हैं। सब कुछ ठीक रहा तो भूमि उपलब्ध होने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। इसके बन जाने से इलाके के अनुसूचित जाती, जनजाति के छात्र गुणवत्तापरक इंटर तक निशुल्क शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। राज्यमंत्री विजय ने एक वर्ष पूर्व आर्थिक वर्ग से कमजोर छात्रों के गुणवत्तापरक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवासीय आश्रम पद्धति विद्यालय के निर्माण के लिए समाज कल्याण विभाग को पत्र भेजा था। इसे गंभीरता से लेते भूमि तलाश करने का निर्देश दिया।
जिसके बाद तहसील प्रशासन भूमि तलाशने की कवायद तेज कर दी है। लार के रावतपार रघेन में कक्षा 6 से 12 तक आश्रम पद्धति आवासीय, अनावासीय विद्यालय की स्थापना के लिए भूमि प्रस्ताव निर्धारित प्रारूप पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इसकी रिपोर्ट तैयार कर त्वरित भेजने को कहा था। इसके बाद रिपोर्ट भेज दिया गया है। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही भवन निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। इसके बाद इलाके के छात्र निःशुल्क आवासीय विद्यालय में रहकर शिक्षा ग्रहण करेंगे।