देवरिया। जिले में अब वाणिज्य कर विभाग का अपना भवन होगा। अधिकारियों और कर्मचारियों के आवास के लिए शासन से हरी झंडी मिल गई है। इसके लिए भेजे गए स्टीमेट का मूल्यांकन हो गया है। अब वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति होनी है। जीएसटी सहित करीब 1151.28 लाख रुपये से आवासीय भवनों का निर्माण होगा। धन आवंटित होने के बाद कार्य शुरू हो जाएगा, जबकि कार्यालय के प्रस्ताव को अभी स्वीकृति नहीं मिल सकी है। चालू वित्तीय वर्ष में धन आवंटन और स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
वाणिज्य कर विभाग जिला पंचायत भवन के प्रथम तल पर किराए के भवन में स्थित है। इसके लिए काफी दिनों से भूमि की मांग की गई थी। जिसे प्रशासन ने गंभीरता लिया। काफी प्रयास के बाद सदर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत परसिया मिश्र में सरकारी भूमि 1.82 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है। भूमि स्थानांतरण होने के बाद कार्यालय और अधिकारियों व कर्मचारियों के आवास के लिए प्रस्ताव तैयार जुलाई 2022 को शासन के लिए भेज दिया गया। इसके लिए कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड कुशीनगर इकाई को नामित किया गया है।