भागलपुर। सरयू नदी के भागलपुर पुल पर बृहस्पतिवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आर्केस्ट्रा में काम करने वाली युवती ने जान देने की कोशिश की। युवती लखनऊ की रहने वाली है।
पुल से गुजर रहे राहगीरों ने युवती को रोते हुए देखा और तत्काल भागलपुर पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और युवती को सुरक्षित अपने साथ चौकी ले आए।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने बताया कि वह लखनऊ की निवासी है और खुखुन्दू थाना क्षेत्र के मुसैला चौराहे स्थित एक आर्केस्ट्रा में कार्य करती है। परिजनों से हुए विवाद और नाराजगी के कारण वह मानसिक रूप से परेशान थी और इसी वजह से भागलपुर पुल तक पहुंच गई थी। युवती ने यह भी बताया कि भागलपुर कस्बे का एक युवक उसे जानता है। पुलिस ने युवती को समझा-बुझाकर उसके एक परिचित युवक को चौकी बुलाया गया।
सुपुर्दगी के बाद युवती को उक्त युवक के साथ सुरक्षित भेज दिया गया। मईल थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि राहगीरों की सतर्कता और समय पर मिली सूचना से एक बड़ी अनहोनी टल गई। युवती को समझा-बुझाकर परिचित के सुपुर्द किया गया है।