मिश्रौली से अंगीरा, नोनियापट्टी से स्नेहा प्रधान निर्वाचित
पथरदेवा/बघौचघाट। विकास खंड की दो ग्राम पंचायतों में प्रधान के लिए हुए चुनाव के दौरान सोमवार को मतदान के बाद मंगलवार को मतगणना कराई गई। नोनिया पट्टी ग्राम पंचायत से स्नेहा और मिश्रौली से अंगीरा ग्राम प्रधान निर्वाचित हुईं।
दोनों सीट महिला ग्राम प्रधानों के निधन के बाद से रिक्त हुई थीं। नोनिया पट्टी में तीन और मिश्रौली में दो प्रत्याशियों ने अपना-अपना भाग्य आजमाया था। विकास खंड पथरदेवा के नोनियापट्टी में 687 मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। इसमें स्नेहा शुक्ला पत्नी सत्यम 447 मत पाकर विजयी घोषित हुईं। पुष्पा शुक्ला पत्नी धनंजय को 218 मतों से संतोष करना पड़ा।
वहीं मिश्रौली में 1030 मतदाताओं ने मताधिकारी का इस्तेमाल किया। इसमें अंगीरा देवी पत्नी मनोज शर्मा 446 मत पाकर चुनाव जीत गईं। दूसरे स्थान पर सुधा देवी पत्नी तारकेश्वर रहीं। उन्हें 391 मत प्राप्त हुए। तीसरी प्रत्याशी दुर्गा देवी पत्नी मनोज को 163 मत प्राप्त हुए। पंचायत उप चुनाव के आरओ जिला कृषि अधिकारी मुजम्मिल अंसारी और खंड विकास अधिकारी ने दोनों प्रधानों को जीत का प्रमाणपत्र दिया। मतगणना के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बघौचघाट व तरकुलवा के एसओ मातहतों के साथ मुस्तैद रहे।