तरकुलवा। क्षेत्र के एक गांव में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। जब मायके के लोग बातचीत करने पहुंचे तो उनको भी मारपीट कर घायल कर दिया। उनकी कार में तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस मामले में पीड़िता और मारपीट में गंभीर रूप से घायल परिजन हृदयेश यादव ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के ग्राम नीवी बरवा के रहने वाले हृदयेश यादव ने तरकुलवा थाने में तहरीर दी है। कहा कि भटनी थाना क्षेत्र के भीटा भरौली निवासी मेरी भांजी सिंधु यादव पुत्री हृदयानंद यादव की शादी 22 मार्च 2024 को थाना क्षेत्र के दुबेटोला गांव के रहने वाले प्रेम यादव के बेटे राहुल यादव के साथ हुई।
आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग उसको आए दिन मारते-पीटते हैं। कुछ माह पहले ससुराली उसे मारपीट कर घर से भगा दिए थे। 22 नवंबर को उसका पति राहुल उसे मायके से ससुराल बुला लाया। 27 नवंबर को ससुराल के लोग फिर उसे मारपीट रहे थे, जिसकी सूचना उसने मोबाइल से मायके में दिया।
इस सूचना पर हम लोग ससुराल पक्ष के लोगों से बातचीत करने पहुंचे थे। बातचीत चल ही रही थी इस बीच ससुराल पक्ष के लोग बालपुरश्रीनगर के कुछ लोगों के साथ गोलबंद होकर हमलोगों के ऊपर हमला बोल दिए। वे लोग लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और धारदार हथियार से मारने-पीटने लगे, जिससे मेरा हाथ फ्रैक्चर हो गया। इस दौरान मेरे साथ गए अमरेश यादव का सिर फट गया। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने कहा कि तहरीर मिली है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।