संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पर्यावरण की रक्षा और सुरक्षा के लिए बृहस्पतिवार को जिले के स्कूल और कॉलेज खुलेंगे। यहां योगाभ्यास के साथ पौधरोपण भी किया जाएगा।
जिले स्तर पर बुधवार को इसकी तैयारियां चलती रहीं। शासन की ओर से बीएसए और डीआईओएस को जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों को पांच जून को खोलने के निर्देश दिए हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम राष्ट्रव्यापी अभियान के रूप में मनाया जाएगा। यह पहल लोगों को अपनी मां और धरती मां के प्रति प्रेम, सम्मान और आदर के रूप में पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित करने को लेकर है।
प्रत्येक विद्यालय में योग की गतिविधियों के साथ ही जन प्रतिनिधियों के सहयोग से स्कूल और कॉलेजों में पौधरोपण का कार्य भी किया जाएगा। एडीआईओएस नीलेश पांडेय ने बताया कि पांच जून को परिषदीय व माध्यमिक विद्यालय खुले रहेंगे और यहां पौध रोपण अभियान चलाया जाना है। इसके लिए सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी कर दिया गया है।
पांच जून को ही जिले मेें सचिव ग्राम विकास भी मौजूद रहेंगे जो जीआईसी में पौधरोपण करेंगे और समर कैंप व विकास से जुड़े निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे।