अधोमानक शराब बेचने में दुकानें बंद कराईं
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया में सरकारी दुकान पर अधोमान शराब बेचने वाले लाइसेंसी ठेकेदार की दो दुकानों को जिलाधिकारी अनिता श्रीवास्तव ने निलंबित कर दिया है। आबकारी विभाग की चुप्पी के बाद डीएम की कार्रवाई से खलीबली मच गई है। क्योकि एक साल पहले नकली शराब बेचने के मामले में करीब दर्जन भर दुकानों पर सप्लाई की बात सामने आई थी। पूरे मामले मेेें आबकारी विभाग ने लीपापोती कर मामले को ठंडा कर दिया था।
गुरुवार की रात बैतालपुर चौकी प्रभारी श्रवण यादव और क्राइम ब्रांच की टीम ने संदिग्ध स्कार्पियों से करीब अस्सी हजार रुपये की अधोमानक शराब बरामद की थी। 32 पेटियों के सभी बोतलों पर आबकारी विभाग का होलाग्राम लगा था। नकली शराब के साथ पकड़ा गया आरोपी खुखुंदू थानाक्षेत्र के घुसरी का रहने वाला रमेश कुमार मिश्र था। पुलिस की पड़ताल में पता चला कि रमेश मिश्र के पास गड़ेर और तरकुलवा बंजरिया में लाइसेंसी देसी शराब की दुकान है। काफी लंबे समय से इन दुकानों पर नकली शराब की सप्लाई करता था। साथ ही अन्य दुकानों पर अधोमानक शराब की सप्लाई करता था।
पुलिस रिपोर्ट के बाद आबकारी विभाग के लोग लाइसेंसी को बचाने की चक्कर में पड़ गए। क्योकि भंडाफोड़ होने से आबकारी विभाग के कई इंस्पेक्टरों की गर्दन फसने की बात कहीं जा रही थी। ऊपर से आबकारी अधिकारी निलेश पालिया ने अमर उजाला को ब्यान दिया था कि नकली शराब भले ही लाइसेंसी के पास मिली हो लेकिन दुकान पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पूरे मामले को जिलाधिकारी अनिता श्रीवास्तव ने गंभीरता से लिया। उन्होंने सरकारी दुकान में अधोमानक शराब बेचने वाले लाइसेंसी रमेश मिश्रा की गड़ेर और बजरिया की दोनों दुकानों को निरस्त कर दिया और आबकारी विभाग को फटकार लगाई। इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी निलेश पालिया ने बताया कि डीएम की संस्तुति के बाद रमेश मिश्रा के नाम से दोनों लाइसेंसी देसी शराब की दुकान को सस्पेंड कर दिया गया है।