कोटे की दुकान के चयन में धांधली का आरोप, रामपुर की महिलाओं ने किया प्रदर्शन
रुद्रपुर। रामनगर गांव में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के चयन को लेकर शनिवार को गांव की महिलाओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कोटेदार के चयन में धांधली का आरोप लगाते हुए चयन निरस्त करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर दुकान का चयन ग्राम सभा की खुली बैठक में कराने की मांग की।
पीडीएस की दुकान चलाने के लिए आवेदक रही चानमती देवी ने चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि दुकान का चयन नियमों को ताक पर रखकर किया जा रहा है। चयनकर्ता एक आवेदक के पक्ष में गांव वालों का समर्थन नहीं होने के बाद भी चयन प्रक्रिया पूरी कर उसके पक्ष में दुकान आवंटित कर रहे हैं। इस बात को लेकर गांव वालों में गुस्सा है। गांव वालों ने चयन प्रक्रिया निरस्त कर दोबारा सक्षम अधिकारी की मौजूदगी में चयन करने की मांग की है। रामनगर में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान चलाने के लिए पांच आवेदकों ने आवेदन किया था। आरोप है कि चयनकर्ताओं ने गांव की खुली बैठक में नाबालिग बच्चों को खड़ा कर गिनती में हेराफेरी की। चयनकर्ता गलत संख्या बल दिखाकर एक आवेदक के प्रभाव में काम कर रहें है। ग्रामीणों ने दुकान के आवंटन में पूरी पारदर्शिता बरतने के लिए खुली बैठक में एसडीएम की ओर से नामित अधिकारी की मौजूदगी में चयन कराने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में कमलेश निषाद, मिथिलेश कुमार, हरिलाल, प्रभुनाथ, हिरामन, भीम चंदा देवी, कमलावती, गायत्री, सुरसती, चमेली आदि मौजूद रहें। इस बाबत एसडीएम संजीव कुमार उपाध्याय ने कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।