सभासदों ने नगर पंचायत कार्यालय में लगाया ताला
रामपुर कारखाना। नगर पंचायत कर्मचारियों की मनमानी और ठेकेदारों पर मानक विहीन कार्य कराने से नाराज सभासदों ने मंगलवार को कार्यालय में ताला बंद कर दिया। अधिशासी अधिकारी ने ताला खोलवाने के लिए करीब एक घंटे तक मनुहार की, लेकिन सभासदों ने ताला खोलने से मना कर दिया। ईओ की सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने सभासदों को शांत कराया और कार्यालय खोलवाया।
दोपहर में मनोनीत सभासद दीपक जायसवाल, शिव मंदिर वार्ड सभासद रविंद्र सिंह, बिस्मिल्ल निशा, उषा देवी, कौशल्या देवी, सोनी और बैरिस्टर राजभर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। सभासदों ने हंगामा करते हुए नगर पंचायत कार्यालय के मेन गेट पर ताला बंद कर दिया। सभासदों का कहना था कि नगर पंचायत के एक कर्मचारी की शिकायत सही पाए जाने पर भी कार्रवाई नहीं की गई। जबकि एक आउटसोर्सिंग कर्मचारी अपने को लाइनमैन का काम नहीं करने की बात कहता है। वार्ड नंबर 4 में शौचालय की सफाई नहीं होने और दो आरसीसी सड़कों के बनने के महीने भर के अंदर ही टूट जाने की शिकायत की थी, लेकिन चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी ने शिकायत की कोई जांच नहीं की। जानकारी मिलते ही प्रभारी अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह पहुंचे। उन्होंने 1 घंटे तक ताला खोलने के मनुहार की। आक्रोशित सभासद ने कर्मचारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई के बाद ही ताला खोलने की बात कही। इस दौरान नगर पंचायत कार्यालय के कर्मचारी अंदर बंद रहे। सभासदों को आक्रोशित देख अधिशासी अधिकारी ने रामपुर कारखाना थाना अध्यक्ष महेंद्र कुमार चतुर्वेदी को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने समझाकर सदस्यों को शांत कराया और ताला खुलवाया। अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि नगर पंचायत कर्मचारी और ठेकेदारों के खिलाफ अभी तक मौखिक शिकायत ही की गई थी। इसके चलते कोई कार्रवाई नहीं की गई। लिखित शिकायत मिल गई है। जांच करा कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।