सलेमपुर। सोशल मीडिया पर रील देखकर एक किशोर ने बुधवार की रात डायल-112 पर किसी व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने की झूठी सूचना दे दी। इससे पुलिस घंटों परेशान रही। सूचना मिलते ही कोतवाल महेंद्र कुमार चतुर्वेदी समेत डायल-112 की टीम सक्रिय हो गई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस को जब मौके पर कोई घटना के साक्ष्य नहीं मिला तो कॉल की गंभीरता को देखते हुए आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई। इसके बाद कॉल डिटेल के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई, तब पता चला कि फोन करने वाला कोतवाली क्षेत्र के अनुआपार गांव का एक किशोर है। पूछताछ में किशोर ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर गोली मारने से जुड़ी रील देखी थी, उसी से प्रभावित होकर उसने ऐसा फोन कर दिया। कोतवाल महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि एक किशोर ने फोन कर दिया था। मामले में किशोर के परिजनों को कड़ी चेतावनी दी गई और भविष्य में ऐसी हरकत न करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डायल 112 जैसी आपात सेवाओं का दुरुपयोग न करें और किसी भी तरह की अफवाह या मजाक के लिए कॉल न करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।