रामपुर कारखाना। शादी के 10 वर्ष बाद एक महिला ने खुद को अविवाहित बताकर प्रेमी संग कोर्ट मैरिज के लिए आवेदन किया है। पुलिस सत्यापन के दौरान पूरे प्रकरण का खुलासा होने पर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। महिला अपने पति और नौ वर्षीय बेटे को छोड़कर प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी है।
मामला रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के एक गांव का है। इस गांव के युवक की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी। दंपती का नौ वर्ष का बेटा भी है। पति का कहना है कि पत्नी लंबे समय से फोन पर किसी युवक से बातचीत करती है। इसी बीच उसी युवक से कोर्ट मैरिज के लिए न्यायालय में आवेदन किया है। आवेदन में उसने स्वयं को अविवाहित बताया है।
कोर्ट मैरिज के आवेदन का सत्यापन कराने के लिए कागजात रामपुर कारखाना थाने पहुंचे। आवेदन में दर्ज पते के आधार पर पुलिस ने महिला के पति को थाने बुलाया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया। एसओ अश्वनी प्रधान ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।