तहसील परिसर में मांगों को लेकर प्रदर्शन करते अधिवक्ता।
देवरिया। तहसील बार एसोसिएशन देवरिया के अधिवक्ताओं ने बुधवार को तहसील बार भवन में बैठक कर बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश की ओर से हड़ताल को लेकर जारी आदेश का विरोध किया। अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर आदेश वापस लेने की मांग की।
बैठक में बताया गया कि कानपुर बार एसोसिएशन और दि लायर्स बार एसोसिएशन के तत्वावधान में 10 और 11 सितंबर को आयोजित महासम्मेलन में 55 जिलों के अधिवक्ता पदाधिकारी शामिल हुए थे।
इसमें सर्वसम्मति से बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के आदेश के विरोध का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में देवरिया के अधिवक्ताओं ने भी नियोजित कार्यक्रम के तहत विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने तहसील सदर में धारा 31/32 से जुड़े मामलों, न्यायालय से आदेश होने के बाद भी पत्रावलियां दर्ज नहीं होने और तहसील में व्याप्त अन्य समस्याओं को लेकर भी नाराजगी जताई।
मांग की कि बार काउंसिल अपना आदेश वापस ले और तहसील स्तर की समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाए।