संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। दिल्ली हाईकोर्ट के जज जस्टिस यशवंत वर्मा के सरकारी आवास के स्टोर रूप में लगी आग के बाद मिले अधजले नोटों के मामले में जांच तेज हो गई है। वहीं उनका इलाहाबाद स्थानांतरण करने के विरोध में तहसील परिसर में अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया।
न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए सुप्रीम कोर्ट को मुख्य न्यायाधीश को संबोधित ज्ञापन एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी को सौंपा।
प्रदर्शन से पहले तहसील बार संघ के अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद दीक्षित और महामंत्री संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने बैठक की। कहा कि जस्टिस यशवंत वर्मा के सरकारी आवास में मिले अधजले नोट न्यायपालिका को शर्मसार करने जैसी बात है। उनका इलाहाबाद स्थानांतरण अनुचित है। वकीलों ने जस्टिस वर्मा का स्थानांतरण न करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र सिंह, उदयराज चौरसिया, चंद्रभान चौरसिया, रणजीत मिश्र, उमेश विश्वकर्मा, चंद्रगुप्त यादव, विकास विश्वकर्मा, अंबिकेश सिंह, अमित भार्गव, दुर्गेश आदि मौजूद रहे।