मदनपुर। जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के पिपरा मिश्र गांव में मंगलवार की शाम 7.30 बजे बुआ के घर शादी का कार्ड देकर लौट रहे सिविल कोर्ट देवरिया के एक अधिवक्ता व चचेरे भाई पर मनबढ़ों ने प्राणघातक हमला कर दिया। आरोप है पाकेट में रखा 8 हजार 500 सौ रुपये निकाल लिए। शिकायत पर पुलिस ने बुधवार को तीन नामजद सहित आठ अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित रुपये निकालने का केस दर्ज कर लिया।
लार नगर के भरटोलिया वार्ड निवासी सिविल कोर्ट के अधिवक्ता प्रियेशनाथ त्रिपाठी के मुताबिक चचेरे भाई अभिनाथ त्रिपाठी व शुभम नाथ त्रिपाठी के साथ मदनपुर थाना क्षेत्र के पड़री मिश्र अपनी बुआ के घर शादी का कार्ड देने गए थे। लौटते समय रास्ते में कुछ लोग गाड़ी के आगे कार खड़ी कर रास्ता रोक लिया।
इसके बाद गाली देते हुए शिवम त्रिपाठी पुत्र शिवकुमार त्रिपाठी, ऋषि पांडेय पुत्र रमाशंकर पांडेय निवासी कुसमा, शिवकुमार त्रिपाठी पुत्र गोरखनाथ त्रिपाठी निवासी नगवां चौराहा और इनके साथ लगभग सात से आठ अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
पाकेट में रखे करीब आठ हजार 500 रुपये निकाल लिए। मेरे साथ मेरे चचेरे भाई अभिनाथ त्रिपाठी को भी बुरी तरह मारा पीटा गया। मदनपुर एसओ नंदा प्रसाद ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर तीन नामजद सहित सात आठ अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास व पाकेट से पैसे निकालने सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। संवाद