सलेमपुर। कस्बे में जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने शनिवार सुबह सख्ती दिखाई। सूरज निकलने से पहले ही नगर पंचायत और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम गांधी चौक पर पहुंच गई। सड़क पर सब्जी की दुकानें सजने से रोकने के साथ ही फुटपाथ और सड़क पर कब्जा जमाने वाले दुकानदारों को हटाया गया। प्रशासन की इस पहल से शनिवार सुबह गांधी चौक से अस्पताल गेट तक आवागमन सुचारु रहा और सड़क पर जाम की स्थिति नहीं बनी।
गांधी चौक से रेलवे स्टेशन गेट तक सुबह होते ही सड़क के दोनों किनारों पर सब्जी की दुकानें सज जाती हैं। सब्जी खरीदने वालों की भीड़ और सड़क पर खड़े वाहनों के चलते आवागमन बाधित हो जाता है। कुछ ही देर में सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इसका खामियाजा राहगीरों के साथ मरीजों और ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ता है। बीते बुधवार को जाम में फंसने के कारण कपूरी गांव निवासी बीमार वृद्ध कलाधर मणि त्रिपाठी की मौत का मामला सामने आने के बाद जाम की समस्या एक बार फिर चर्चा में है। कुछ दिन पहले सड़क हादसे में घायल पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी करीब आधे घंटे तक जाम में फंसी रही थी।
इस समस्या को लेकर अमर उजाला ने लगातार तीन दिन तक अभियान चलाकर प्रशासन को यहां होने वाली दिक्कतों से अवगत कराया। इसके बाद शनिवार सुबह करीब पांच बजे नगर पंचायत के दर्जनों कर्मचारी जेसीबी और कूड़ा उठाने वाले वाहनों के साथ गांधी चौक पहुंच गए। इसी बीच एसएसआई अशफाक अहमद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गांधी चौक पर बैरिकेडिंग कर सब्जी लेकर आने वाले रिक्शा और अन्य वाहनों को सड़क पर खड़ा होने से रोक दिया गया। उन्हें सीधे मंडी में प्रवेश कराया गया।
इसके बाद पुलिसकर्मियों और नगर पंचायत कर्मचारियों ने गांधी चौक से रेलवे स्टेशन गेट तक पैदल गश्त कर दुकानदारों को सड़क किनारे दुकानें नहीं लगाने की हिदायत दी। कुछ फुटकर दुकानदारों ने कार्रवाई को लेकर पुलिसकर्मियों से बातचीत भी की। वहीं स्थानीय स्थायी व्यापारियों ने जाम से आम लोगों को होने वाली परेशानी का हवाला देते हुए सड़क पर दुकानें न लगने देने की मांग की। कार्रवाई के दौरान प्रशासन की टीम पूरे मार्ग पर निगरानी करती रही।
...
सब्जी के थोक कारोबारियों को पशु अस्पताल के पीछे किया गया व्यवस्थित
सलेमपुर के रेलवे स्टेशन रोड पर जाम हटवाने के लिए की गई नई कवायद
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। तहसील रोड पर लगने वाली सब्जी की दुकानों को व्यवस्थित करने के लिए प्रशासन ने स्थान निर्धारित कर दिया है। फुटकर सब्जी विक्रेताओं को सब्जी मंडी में दुकान लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि थोक व्यापारियों को पशु अस्पताल के पीछे उत्तरी रेलवे ढाला जाने वाली सड़क के किनारे जगह दी गई है।
नई व्यवस्था के तहत थोक सब्जी विक्रेताओं को अपनी गाड़ियों से ही सब्जी बेचने और दो घंटे के भीतर स्थान खाली करने की हिदायत दी गई है, ताकि सड़क पर जाम की स्थिति न बने। वहीं फुटकर दुकानदारों को सब्जी मंडी में भेज दिया गया है। लेकिन मंडी में पहले से ही दुकानों की संख्या अधिक होने के कारण जगह का संकट खड़ा हो गया है। स्थिति यह है कि कई जगह दुकान लगाने की बात तो दूर, ग्राहकों के खड़े होने तक की जगह नहीं बची है।
...
कोट
सड़क पर लगी सब्जी की दुकान को अभियान चलाकर हटाया गया है। थोक और फुटकर व्यापारियों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि पुनः दुकान लगी तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-क्षितिज द्विवेदी, एसडीएम सलेमपुर