नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर लगाया जुर्माना
मुख्य बाजार में दुकानें चिह्नित, दर्ज कराया जाएगा केस :एसडीएम
संवाद न्यूज एजेंसी।
रुद्रपुर। नगर की सड़क और पटरियों पर अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन के नोटिस देने के बाद भी असर नहीं होने पर कार्रवाई शुरू कर दी हैै। शुक्रवार की देर शाम तक सड़कों से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान 20 दुकानदारों पर नगर पंचायत प्रशासन ने जुर्माना लगाया।
एसडीएम हरिशंकर लाल के नेतृत्व में बस स्टेशन चौराहे से अतिक्रमण हटाया गया। यहां तीन माह पहले भी अतिक्रमण हटाया गया था। इसके बाद दुकानदार धीरे-धीरे कब्जा कर लिए। इमामबाड़ा से खजुहा चौराहे तक नालियों के ऊपर कब्जा किए लोगों के टिन शेड हटाए गए। ईओ नितेश गौरव ने जुर्माना लगाया।
एसडीएम ने कहा कि मुख्य बाजार से लेकर गोला वार्ड तक अवैध कब्जा किए लोगों को चिह्नित किया गया है। प्रशासन अतिक्रमण हटाकर जुर्माना भी वसूलेगा। दोबारा कब्जा करने वालों पर केस दर्ज कराया जाएगा। मुख्य बाजार से ठेला वालों को दूसरे स्थान पर भेजा जा रहा है। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षण रणजीत सिंह भदौरिया मयफोर्स मौजूद रहे।