संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए गोरखपुर-संबलपुर-मौर्य एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त वातानुकूलित तृतीय श्रेणी कोच अस्थायी रूप से लगाने का निर्णय लिया है।
यह कोच गोरखपुर से एक जुलाई से 31 अक्तूबर तक और संबलपुर से तीन जुलाई से दो नवंबर तक जोड़ा जाएगा। इससे बिहार, झारखंड और ओडिशा जाने वाले यात्रियों की राह आसान हो जाएगी। साथ ही, गर्मी और त्योहारों के सीजन में सफर करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, इस बदलाव के बाद अब इस गाड़ी में 22 कोच होंगे। इनमें एक जनरेटर सह लगेज यान, चार साधारण द्वितीय श्रेणी कोच, चार शयनयान कोच, 10 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी कोच, दो वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी कोच और एक एसएलआरडी कोच शामिल होंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि यह निर्णय यात्रियों की बढ़ती भीड़ और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना इस संशोधित संरचना के अनुसार बनाएं और अधिक जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या पूछताछ केंद्र से संपर्क करें।