देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के उमानगर में दिवाली पर परिवार के साथ गांव गए विकास मणि त्रिपाठी के घर से जेवर और 55 हजार रुपये नकद चोरी करने के मामले का पुलिस ने शनिवार को पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चार जोड़ी पायल, लोहे का सब्बल और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। आरोपी पर पहले से आठ प्राथमिकी दर्ज हैं।
पुलिस विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि शनिवार को पीडी एकेडमी के पीछे से गोरखपुर जिले के एम्स थाना क्षेत्र के छोटकी कैथवलिया निवासी किशन चौहान को गिरफ्तार किया गया। वह वर्तमान में गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर में सरकारी अस्पताल के पास रहता था। उसकी उम्र 21 वर्ष है।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बोरडीह तिवारी निवासी विकास मणि त्रिपाठी उमानगर में गिरीश शुक्ला के मकान में किराए पर रहते हैं। सात नवंबर को दिवाली का त्योहार मनाने परिवार के साथ गांव चले गए थे। 10 नवंबर को लौटने पर घर के दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे मिले।
घर से सोने की बालियां, टीका, नथिया, पाजेब, पायल, तीन अंगूठियां और 55 हजार रुपये नकद समेत अन्य आभूषण गायब थे। उनकी शिकायत पर 11 नवंबर को पुलिस ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी किशन चौहान पर वर्ष 2025 में छह और 2026 में दो प्राथमिकी पहले से दर्ज हैं। इनमें चोरी और आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामले शामिल हैं।
वर्तमान प्राथमिकी मिलाकर कुल नौ मामले हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर एफआईआर में अतिरिक्त आरोप बढ़ाए हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय, उपनिरीक्षक रवींद्र नाथ चौबे, मनीष सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।