करोड़ों रुपये की हेराफेरी के मामले में लखनऊ से फरार आरोपी को एसटीएफ ने तरकुलवा थाना के सिधावे गांव से गिरफ्तार कर लिया। टीम उसे अपने साथ ले गई।
खीरी लखीमपुर निवासी विश्वनाथ प्रसाद लखनऊ में एक प्राइवेट कंपनी में एजेंट का काम करता था। पुलिस के अनुसार, उसके खाते से करोड़ों रुपये की हेराफेरी हुई है। इस मामले में लखनऊ में मुकदमा दर्ज है। महीनों से विश्वनाथ फरार था।
उसकी तलाश लखनऊ एसटीएफ कर रही थी। पुलिस को मोबाइल सर्विलांस के जरिए उसका लोकेशन देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के सिधावे गांव में मिला। एसटीएफ गांव में तीन दिनों से उसको गिरफ्तार करने में लगी थी। बृहस्पतिवार की शाम को एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया और उसे अपने साथ लेकर चली गई।
तरकुलवा थाना प्रभारी नवीन सिंह ने बताया कि लखनऊ में बड़े पैमाने पर हुई हेराफेरी के मामले का वह आरोपी था। उस पर मुकदमा दर्ज है। उसे एसटीएफ की टीम गिरफ्तार कर लखनऊ ले गई है।