खुखुंदू। कस्बे की कंपोजिट शराब की दुकान में पांच दिन पहले हुई चोरी का पुलिस ने बुधवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में पहले से 10 मुकदमे दर्ज हैं।
खुखुंदू निवासी रीना सिंह पत्नी रवि सिंह की अंग्रेजी और बीयर की कंपोजिट दुकान में बृहस्पतिवार रात नकब काटकर चोर 40 हजार रुपये नकद और शराब चुरा ले गए थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान की गई थी।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नूनखार-परसिया मिश्र तिराहे से एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी पहचान विवेक यादव निवासी शेरवां बभनौली, डुमरिया टोला, थाना खुखुंदू के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने दुकान में चोरी करने की बात स्वीकार की।
इंस्पेक्टर बीबी राजभर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ खुखुंदू के अलावा सदर कोतवाली में तीन, भटनी में दो तथा लार, खामपार और बनकटा थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।