शादी समारोह से लौट रहे किसान सहित दो लोगों की हादसे में मौत
सिरवनिया गांव के पास हुआ हादसा, साइकिल से लौट रहे थे दोनों
संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह से साइकिल से घर लौट रहे किसान और मोची को अज्ञात वाहन ने चपेट में ले लिया। इस हादसे दोनों की मौत पर मौत हो गई। भोर में टहलने निकले लोगों ने सड़क किनारे दो लोगों का शव देख कर इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों परिवारों में मौत से घर पर कोहराम मच गया।
तरकुलवा थाना क्षेत्र के सिरवनिया गांव के रहने वाले भूलन सिंह (55 ) किसान थे। वहीं गांव का राम वेलास प्रसाद ( 56) चौराहे पर मोची का काम करते थे। दोनों लोग मंगलवार देर शाम रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के कोटवा मोड़ स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए साइकिल से गए हुए थे। देर रात को दोनों भोजन करने के बाद वापस गांव जा रहे थे। अभी वह सिरवनिया गांव के समीप पुलिया के पास ही पहुंचे थे कि अज्ञात वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। जिससे दोनों साइकिल सवारों की घटना स्थल पर मौत हो गई। बुधवार भोर में आसपास के गांव के लोगों ने दो लोगों का शव देखकर सूचना तरकुलवा पुलिस को दे दी । सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के पास से मिले मोबाइल नंबर से उनके परिजनों को सूचना दी। भूलन सिंह की पत्नी लीलावती देवी, बेटा चिंटू, अमित का रो-रो कर बुरा हाल है। कुछ दिन पूर्व ही उनका बड़ा बेटा मंटू विदेश गया है। छोटे बेटे अमित की 26 नवंबर को ही शादी हुई है। शादी वाले घर में कोहराम मच गया।