फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उमसभरी गर्मी में बेहिसाब कटौती से मचा हाहाकार

विज्ञापन
विज्ञापन
उमसभरी गर्मी में बेहिसाब कटौती से मचा हाहाकार
विज्ञापन

खुखुंदू। विद्युत उपकेंद्र से जुड़े ढाई सौ गांवों की विद्युत आपूर्ति इन दिनों लड़खड़ा गई है। दिन-रात मिलाकर तकरीबन 5-6 घंटे भी बिजली नहीं मिल रही है। उमसभरी गर्मी में दो दिनों से हो रही बेहिसाब कटौती से चहुंओर त्राहि-त्राहि मची हुई है। हैरानी की बात यह है कि निगम के जिम्मेदारों को भी पता नहीं है कि इन दिनों इतनी कटौती क्यों हो रही है।
जिम्मेदारों का कहना है कि ओवरलोड और गर्मी के चलते अधिक बिजली खपत बढ़ जाने से कंट्रोल की ओर से रोस्टरिंग की जा रही है। जैसे-जैसे गर्मी तीक्ष्ण हो रही है, वैसे ही कटौती में इजाफा होता जा रहा है। तपती धूप और उमस भरी गर्मी में लोगों को राहत के लिए बिजली की जरूरत पड़ती है। ऐसे में इन दिनों दिनभर में दो घंटे ही लोगों को बिजली नसीब हो रही है। रात में हर एक या दो घंटे पर घंटों तक कटौती बदस्तूर जारी है। सबसे खास बात यह है कि कटौती क्यों हो रही है इसकी जानकारी निगम के जिम्मेदारों को भी ठीक से पता नहीं है। बात करने पर जिम्मेदार यह कहते नजर आ रहे हैं कि अचानक दो-तीन दिनों से कटौती बहुत ज्यादा हो रही है।
विज्ञापन

दिन में एकदम साफ बिजली नहीं मिल रही है। रात में एकाध घंटे बिजली मिलने के बाद कई-कई घंटे लगातार बिजली गुल हो जा रही है। बिजली का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इन्वर्टर भी एकाध घंटे में सीटी दे दे रहे हैं। -आचार्य दुर्गेश कुमार तिवारी, निवासी खुखुंदू
उमस भरी गर्मी में दिन में नहीं के बराबर बिजली मिल रही है। रात में भी आवश्यकता से अधिक कटौती हो रही है। घर में लगे सारे विद्युत उपकरण जवाब दे जा रहे हैं। नींद पूरी नहीं होने से तमाम बीमारियां होने का डर सता रहा है। -कृष्णा दीक्षित, भलुअनी दूबे
बिजली नहीं रहने से सबसे ज्यादा दिक्कत हम महिलाओं को हो रहा है। दिन में बेचैनी की स्थिति बनी हुई है तो तो रात में नींद पूरी नहीं हो रही है। ऐसे में अधिकांश को डिप्रेशन का शिकार होना पड़ेगा। -अर्चना मिश्रा, परसिया मिश्र
देहात को छह से आठ तो शहर को आठ से दस घंटे हो रही आपूर्ति
रामपुर कारखाना। पुरवा फीडर से जुड़े रामपुर कारखाना शहर और पांडेचक फीडर से जुड़े देहात में विद्युत कटौती ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। देहात को छह से आठ तो शहर को महज आठ से दस घंटे आपूर्ति की जा रही है। इससे नगर पंचायत समेत ग्रामीण क्षेत्र की एक लाख की आबादी भीषण गर्मी से परेशान है ।
नगर पंचायत रामपुर कारखाना और इससे जुड़े लगभग 40 गांव को पुरवा विद्युत सब स्टेशन से आपूर्ति की जाती है। जबकि इसी फीडर से काटकर अलग किए गए 22 गांव को पांडेयचक सब स्टेशन से आपूर्ति की जा रही है। दोनों विद्युत सब स्टेशन से एक पखवारे से अघोषित विद्युत कटौती से लोग परेशान हैं। कटौती का आलम यह है कि बिजली कब आएगी और कब जाएगी, इसका कोई निर्धारित शेड्यूल नहीं है। प्रचंड गर्मी में भीषण कटौती से लोगों की दिनचर्या ही बदल गई है। बिजली नहीं रहने से लोगों के इंवर्टर तक जवाब दे जा रहे हैं। प्रदेश सरकार के आदेश का इन दोनों विद्युत सब स्टेशन पर कोई असर नहीं है। प्रदेश सरकार ने आदेश दे रखा है कि शाम सात से सुबह छह बजे तक विद्युत कटौती नहीं होनी चाहिए, लेकिन इन दोनों सब स्टेशन से जुड़ी एक लाख की आबादी को दिन तो दिन रात में भी हाथ पंखा ले कर बाहर टहलना पड़ रहा है। रात की कटौती के चलते महिलाओं और बच्चों की हालत बिगड़नी शुरू हो गई है। पूर्व सभासद मुन्नालाल मद्धेशिया का आरोप है कि पांडेचक्र से जुड़े कर्मचारी और जेई उपभोक्ताओं का मोबाइल रिसीव नहीं करते। नितेश श्रीवास्तव , रविंद्र लाल, संजय श्रीवास्तव, राधेश्याम, नीरज चौरसिया, संदीप गुप्ता, पवन, जहांगीर खान आदि ने रात में कटौती न करने की मांग की है।
दो दिनों से रोस्टरिंग हो रही है। कंट्रोल रूम से रोस्टरिंग में हम हस्तक्षेप नहीं कर सकते हैं। कटौती क्यों हो रही है, इसकी स्पष्ट जानकारी 132/33 केवीए विद्युत उपकेंद्र से ही मिलेगी। वैसे गर्मी में अधिक विद्युत खपत के चलते भी विद्युत कटौती हो सकती है। -जीसी यादव, अधीक्षण अभियंता देवरिया
शहरी क्षेत्रों में दस घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में इससे भी कम बिजली मिल रही है। यह समस्या लगातार दो दिनों से बनी हुई हैं। 132 पर फोन कर कटौती की जानकारी लिया तो पता चला कंट्रोल के निर्देशानुसार कटौती की जा रही है। -बृजभान सिंह, अधिशासी अभियंता, सलेमपुर
भाटपाररानी में स्थापित होगा ट्रांसमिशन विद्युत सब स्टेशन
भाटपाररानी। नगर से सटे ग्राम कटाई टिकर में मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक सभाकुंवर कुशवाहा ने विद्युत निगम के अधिकारियों के साथ भाटपाररानी में 132 केवी ट्रांसमिशन विद्युत सब स्टेशन के निर्माण के लिए खाली सरकारी जमीन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार गांवों में 24 घंटे बिजली देने के प्रति संकल्पित है। इस सब स्टेशन की स्थापना से बिजली के क्षेत्र में यहां बड़ा व ऐतिहासिक बदलाव आएगा और लोगों को पर्याप्त मात्रा में विद्युत आपूर्ति संभव हो सकेगी।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्व की सरकारों में चार से पांच घंटे बिजली मिलती थी, लेकिन भाजपा सरकार में ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही बाकी औपचारिकताओं को पूरा कर भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र में एक नए विद्युत सब स्टेशन की स्थापना की जाएगी। इस दौरान विद्युत निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं ग्राम प्रधान धन्नू यादव, भाजपा के संतोष पटेल, अनिरुद्ध कुशवाहा, हरिकेश बहादुर, अमरेंद्र मौर्या, राजेश गुप्ता, नितिन श्रीवास्तव, चंदन मद्धेशिया, गुलाब प्रधान, सुनील प्रसाद आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें