भूमि बैनामे की रकम के लिए युवक की हत्या
धारदार हथियार से किया गले पर वार, पांच नामजद, तीन अज्ञात के खिलाफ दी तहरीर
रस्सी से हाथ बांधकर की गई हत्या, शव को सड़क के किनारे फेंका
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनूघाट/ देवरिया। बरियारपुर थाना क्षेत्र के अहिल्यापुर बुजुर्ग गांव निवासी एक युवक की भूमि बैनामा के रुपये की लेन-देन में रस्सी से हाथ बांधकर कुछ लोगों ने गले पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। बृहस्पतिवार की सुबह उसका शव सदर कोतवाली के पिपरा चंद्रभान गांव में सड़क के किनारे मिला। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के चाचा ने पांच नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बरियारपुर थाना क्षेत्र के अहिल्यापुर बुजुर्ग गांव निवासी अजय मिश्रा (32) पुत्र स्वर्गीय उमेश मिश्रा ने कुछ माह पहले शहर के भटवलिया निवासी एक व्यक्ति को गांव मार्ग पर स्थित एक भूमि का बैनामा किया था। इसकी मध्यस्तता पिपरा चंद्रभान गांव निवासी और सोनूघाट के एक व्यक्ति ने की थी। भूमि के बैनामे के रुपये को लेकर अजय मिश्र से कुछ लोगों का विवाद चला आ रहा था। मृतक के चाचा रमेश मिश्र ने बरियापुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि नामजद आरोपियों ने उनके भतीजे का अपहरण कर बंधक बना लिया और नशीला पदार्थ खिलाकर फर्जी तरीके से बैनाम करा लिया। इसके बदले में मिली रकम भी आरोपियों ने हड़प ली। इसके खारिज दाखिल में आपत्ति दर्ज कराई गई है। इसके मुकदमे की तारीख बुधवार को थी लेकिन अजय उपस्थित नहीं हुआ। शाम को हमको और अजय को सोनूघाट निवासी एक आरोपी ने बुलाया और रुपये के लेने को लेकर बात हुई। जहां पर अजय को रोक लिया गया और रात में हत्या कर शव को पिपरा चंद्रभान गांव के फेंक दिया गया। इस मामले में रमेश मिश्र ने पिपरा चंद्रभान निवासी, भटवलिया निवासी, सोनूघाट निवासी पांच लोगों और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है।
इकलौता बेटा अजय, माता-पिता की हो चुकी है मौत
देवरिया। बरियापुर थाना क्षेत्र के अहिल्यापुर बुर्जुग गांव निवासी अजय मिश्र के पिता की करीब बीस साल पहले मुंबई में मौत हो चुकी है। जबकि माता का निधन छह साल पहले हुआ था। एक मात्र बहन नीलू है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। अजय काफी मिलनसार था। इसको लेकर गांव के लोग भी काफी दुखी हैं।
पुलिस की चूक से चली गई अजय की जान, मांगी थी सुरक्षा
देवरिया। अजय की हत्या के बाद बरियारपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा हो रहा है। क्योंकि 23 नवंबर को उसने बरियारपुर थाने में तहरीर देकर गुहार लगाई थी कि कुछ लोगों ने उसका अपहरण कर भूमि का बैनामा करा लिया है। इसके बाद कई बार वह थाने जाकर मुकदमा दर्ज कराने के लिए चक्कर लगाता रहा लेकिन पुलिस ने उसकी एक न सुनी। उसने पुलिस को बताया कि भूमि बैनामा कराने के बाद बैंक से रुपये भी निकलवा लिया है। इसके साथ ही उसने आईजी गोरखपुर को भी पत्र भेजकर सुरक्षा की मांग की थी। परिजनों का आरोप है कि बरियारपुर थाने की पुलिस ने उसका समय रहते मुकदमा दर्ज कर लिया था तो यह घटना नहीं होती।
जमीन के दलालों ने ली अहिल्यापुर के दो युवकों की जान
देवरिया। बरियापुर थाना क्षेत्र के अहिल्यापुर गांव के दो युवकों की हत्या जमीन की दलाली कर मोटी रकम कमाने वाले कर चुके हैं। अजय मिश्र की हत्या के पहले इसी गांव के निवासी भाजपा नेता नरेंद्र मिश्र के भतीजे अमित मिश्र की मार्च 2018 में सदर कोतवाली के हरैया गांव के पास गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। इस घटना का कारण भी रुपये का लेन-देन था। इस मामले में भी नामजद मुकदमा दर्ज हो हुआ था। अजय की मौत के बाद लोगों के जेहन में पुरानी घटना की याद ताजा हो गई।
कोट:
युवक की हत्या के मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अगर मृतक ने पहले शिकायत की होगी तो जांच कराई जाएगी।
-डॉ. श्रीपति मिश्र, डीआईजी/एसपी