रामपुर बुजुर्ग/बनकटा। बनकटिया विद्युत उपकेंद्र को बिजली आपूर्ति करने वाली 33 केवीए मेन लाइन पर बृहस्पतिवार रात करीब 11:30 बजे मझौली के पास पेड़ की डाल गिर गई। इसके चलते विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे आपूर्ति बहाल हुई।
बिजली न रहने से लोगों को रातभर ठंड और अंधेरे में परेशानी झेलनी पड़ी। इन्वर्टर की बैटरी खत्म हो जाने से घरों में अंधेरा छाया रहा। कई घरों में पानी की मोटर न चलने से सुबह पानी भरने में भी दिक्कत आई। जंजीरहा निवासी अखिलेश सिंह ने बताया कि सुबह तक बिजली नहीं आने से रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हुए।
रामपुर बुजुर्ग निवासी व्यवसायी मंजूर आलम ने कहा कि बिजली न रहने से घर और दुकानों में अंधेरा छा गया। इन्वर्टर की बैटरी भी डाउन हो गई थी, जिससे काफी दिक्कत हुई। सुबह के समय पानी भरने और अन्य कामों में परेशानी का सामना करना पड़ा। अवर अभियंता अवधेश कुमार ने बताया कि पेड़ की डाल गिरने से आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे शुक्रवार की सुबह हटाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। संवाद